आप विधायकों पर कसा तंज
विधानसभा में को जलसंकट और सीवर की समस्या को लेकर जमकर हंगामा हुआ। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने आप सरकार की नाकामियों को उजागर करते हुए कहा कि राजधानी में कोई ऐसी विधानसभा नहीं है जहां पानी और सीवर की समस्या न हो। आप ने दस साल तक केवल झूठे वादे किए और जल व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। आप विधायक खुद पानी और सीवर की समस्याओं को लेकर परेशान हैं, लेकिन जब वे शिकायत लेकर आते हैं, तो पहले यही कहते है कि आपको मेरी कसम, नाम मत लेना। इस पर तंज कसते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि अगर उन्होंने नाम लिया तो उनकी कसम टूट जाएगी।
उन्होंने आतिशी पर निशाना साधते हुए ने कहा कि जब केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चुनाव हारे, तो आतिशी नाच रहीं थीं, क्योंकि भाजपा अब दिल्ली में पानी भी देगी और सीवर भी साफ करवाएगी। इस बीच आप विधायकों ने इस बयान पर कड़ा विरोध जताया। विधायक संजीव झा ने जवाब देते हुए कहा कि सदन में हवा-हवाई बातें नहीं होनी चाहिए।
आप सरकार ने जलापूर्ति को राजनीतिक एजेंडा बनाया था
प्रवेश वर्मा ने प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक कुलदीप सोलंकी के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता जनता को निर्बाध जलापूर्ति देना है। पानी अब किसी विशेष इलाके या पार्टी का नहीं होगा, बल्कि हर दिल्लीवासी को समान रूप से मिलेगा। आप सरकार ने जलापूर्ति को भी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बना लिया था, जहां उनके विधायक थे, वहां पानी की सप्लाई जोड़ दी गई, लेकिन बाकी इलाकों में जनता को पानी से वंचित रखा गया। हमें इसकी कई शिकायतें मिली हैं, जिन्हें हम सही कर रहे हैं। अब पूरी दिल्ली में जनसंख्या के आधार पर पानी का समान वितरण किया जाएगा। अब न कोई भेदभाव होगा, न कोई जल संकट। हर दिल्लीवासी को पर्याप्त और साफ पानी मिलेगा।