बीए, बीकॉम, बीएससी की पढ़ाई करने वाले छात्रों को अब डिग्री की पढ़ाई के साथ रोजगार की ट्रेनिंग भी मिलेगी। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बुधवार को श्रेयस (स्कीम फॉर हायर एजुकेशन यूथ फॉर अप्रेंटिसशिप एंड स्किल) पोर्टल लांच कर दिया है।
इसमें देश के सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेज, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के छात्रों को रजिस्ट्रेशन करना होगा। उनकी प्रोफाइल के आधार पर आगे छह, नौ या एक साल की ट्रेनिंग दी जाएगी। इंडिया हैविटेट सेंटर में बुधवार को जावडेकर ने पोर्टल लांच किया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय, कौशल विकास मंत्रालय और श्रम और रोजगार मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में यह पोर्टल काम करेगा।
जावडेकर के मुताबिक, 2019 में करीब तीन लाख छात्रों को इसके माध्यम से ट्रेनिंग दी जाएगी। यूजीसी, एआईसीटीई राज्यों समेत शिक्षण संस्थानों को पत्र लिखकर इसमें जुड़ने को कहेंगे। इंडस्ट्री को केंद्र सरकार की ओर से पैसे का भुगतान किया जाएगा। प्रोग्राम के माध्यम से इंडस्ट्री छात्रों को स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग आदि की पूरी प्रशिक्षण देगी, ताकि डिग्री पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें रोजगार मिल सके।
सामान्य डिग्री प्रोग्राम अब प्रोफेशनल होगा
बीए, बीकॉम, बीएससी सामान्य डिग्री प्रोग्राम की पढ़ाई इसी सत्र में बीए प्रोफेशनल, बीकॉम प्रोफेशनल व बीएससी प्रोफेशनल के रूप में भी शुरू होगा। इसका मकसद छात्रों को सामान्य पढ़ाई के साथ रोजगार से जोड़ने के लिए तैयार करना है।