फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बिजली निगम ने एक थाना परिसर में निर्माण के दौरान बिजली चोरी कर रहे ठेकेदार पर शिकंजा कस दिया है। सदर थाने में निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को निगम की विजिलेंस टीम ने छापामारी कर बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
बिजली निगम ने लाइन काटकर केबल जब्त कर ली है। एक विजिलेंस ने ठेकेदार पर 2.46 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। 24 घंटे के अंदर जुर्माना जमा नहीं करने पर उसके खिलाफ बिजली थाने में एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।
थाना परिसर में बिल्डिंग का निर्माण काम चल रहा है। निर्माण कार्य निजी ठेकेदार करवा रहा है। उसने बिजली की लाइन पर डायरेक्ट सप्लाई ली हुई थी। जबकि बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में अस्थायी कनेक्शन जारी किया जाता है। इस तरह ली जाने वाली बिजली का रेट सामान्य से अधिक होता है।
बल्लभगढ़ सब डिविजन सिटी-1 के एसडीओ का कहना है कि ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है। विजिलेंस टीम ने शिकायत के आधार पर छापेमारी की। जिसमें ठेकेदार रंगे हाथों पकड़ा गया। आम तौर पर बिजली निगम सरकारी कार्यालयों के अंदर ऐसी कार्रवाई नहीं करती, लेकिन इस मामले में काफी हिम्मत दिखाई गई।