यात्रियों के बीच सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए मार्किंग की जाएगी। दस्तावेजों की जांच से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, टर्मिनल गेट पर दस्तावेजों की जांच कर रहे यात्रियों को सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा। टिकट और आईडी प्रूफ की स्कैनिंग बिना छुए की जाएगी।
दिल्ली में हर एयरलाइन के लिए अलग दरवाजा और अलग चेक इन काउंटर होगा
सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए ही दिल्ली हवाई अड्डे पर हर एयरलाइंस के लिए अलग दरवाजे और चेक इन काउटर बनाए गए हैं। इसके अनुसार, विस्तारा और इंडिगो एयरलाइंस के यात्री गेट संख्या 1 और 2 से टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश कर सकेंगे। विस्तारा के लिए ए-रो में मौजूद चेक-इन काउंटर निर्धारित किए गए हैं।
इसी तरह, इंडिगो एयरलाइंस के यात्री बी और सी रो के चेक-इन काउंटर से अपना बोर्डिंग पास हासिल कर सकेंगे। वहीं, एयर एशिया और एयर इंडिया के यात्री गेट संख्या 3 और 4 से अंदर जाएंगे और क्रमश: डी और ईएफ रो के चेक इन काउंटर से अपना चेक-इन करा सकेंगे।