दिल्ली पुलिस के गिरफ्तार तीनों सिपाही अपनी दिहाड़ी बनाने महिपालपुर स्थित कॉल सेंटर में लूटपाट करने गए थे। मालवीय नगर थाने में तैनात सिपाही मनु कुमार ने साजिश रचने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उसने ही दो अन्य सिपाही अमित व संदीप को फोन कर कहा था कि एक काम है और अच्छी दिहाड़ी बन जाएगी।
मनु कुमार के कब्जे से सर्विस रिवाल्वर बरामद कर ली गई है। कॉल सेंटर में काम करने वाले एक कर्मचारी ने कॉल सेंटर में बड़ी रकम होने की सूचना दी थी। खास बात ये है कि काँल सेंटर में दो महीने पहले भी इसी तरह की लूट हुई थी।
वसंतकुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने महिपालपुर स्थित कॉल सेंटर स्टेप्ल में लूटपाट करने के मामले में तीनों सिपाही समेत पब्लिक के पांच आरोपी जयकपूर, ऋरषि, अमन, श्याम और कार्तिक को गिरफ्तार किया था। श्याम कॉल सेंटर में काम करता था। श्याम, ऋरषि और जयकुमार मुनिरका स्थित एक घर में रहते हैं। श्याम ने इनको बताया कि कॉल सेंटर में हर रोज 10 से 15 लाख रुपये आते हैं।
अगर दबिश दी जाए तो सात से आठ लाख रुपये मिल सकते है। ऋरषि ने ये जानकारी शनिवार सुबह 11 बजे सिपाही मनु कुमार को दी थी। मालवीय नगर थाने में तैनात मनु कुमार के खिलाफ थाने में भी शिकायतें आती रहती थीं। मनु कुमार ने सिपाही संदीप व अमित को फोन कर बुलाया था। इसके बाद सभी आठों आरोपी उसी दिन रात 11 बजे कॉल सेंटर में लूटपाट करने पहुंच गए थे। हालांकि इन्हें कॉल सेंटर में ज्यादा रकम नहीं मिली थी।
खास बात ये है कि इसी काँल सेंटर में दो महीने पहले भी इसी तरह की लूट हुई थी। उस समय भी आरोपी पुलिसकर्मी बनकर आए थे और कॉल सेंटर से मोटी रकम ले गए थे। वसंतकुंज(नार्थ) थाना पुलिस भी इस बात की जांच कर रही है कि कॉल सेंटर अवैध रूप से तो नहीं हो रहा था और उसमें अवैध गतिविधियां तो नहीं हो रही थी।
वसंतकुंज(नार्थ) थाना पुलिस ने कॉल सेंटर मालिक नवीन सेहरावत की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सभी आरोपियों की पीड़ित से शिनाख्त परेड कराएगी।