इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे पीएम सड़क मार्ग से बॉटेनिकल गार्डन तक के लिए रवाना हुए। इसकी वजह से एक बार फिर जाम लग गया। पंचशील इंटर कॉलेज कट, महामाया फ्लाईओवर, डीएनडी लूप और सेक्टर-14 फ्लाईओवर से नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाले वाहनों को घंटे भर तक इंतजार करना पड़ा। जाम से सबसे ज्यादा बुरा हाल कालिंदी कुंज से नोएडा के बीच दिखाई दिया। एक तरफ सेक्टर-37 तो दूसरी तरफ कालिंदी कुंज से जसोला तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम से बेहाल रहा एनएच-24
पीएम मोदी के आगमन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट एडवाइजरी जारी की थी। शाम 4 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक दिल्ली-नोएडा लिंक रोड और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का प्रयोग न करने की अपील की गई थी। जाम से बचने के लिए लोगों ने एनएच-24 का विकल्प अपनाया, लेकिन यहां वाहनों का बेतहाशा दबाव बढ़ने से जाम लगा रहा। यूपी गेट से सीआईएसएफ कट, नोएडा मॉडल टाउन कट, हिंडन पुल सहित जगह-जगह हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।