पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। हाल ही में जिला विकास समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में मादक पदार्थों की उपलब्धता को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। इसके बाद पुलिस ने नंद नगरी इलाके में विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति उत्तर-पूर्वी दिल्ली जोन तक सीमित है या इसके तार शाहदरा जिले से भी जुड़े हैं। डीसीपी राहुल अलवाल के निर्देश पर नारकोटिक्स टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई में जुट गई है।
तस्करों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी भी सादी वर्दी में फील्ड में उतरेंगे। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना और क्षेत्र में मादक पदार्थों की आपूर्ति पर रोक लगाना है। ब्यूरो