पुलिस ने हरियाणा से यूपी के रास्ते बिहार भेजी जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। ट्रक में केबिन बनाकर रखी गई 350 पेटी शराब की कीमत करीब 35 लाख बताई गई है। शराब के साथ ट्रक चालक यूसुफ निवासी आलीमेव गांव, पलवल और परिचालक विकास झा निवासी सूरजगढ़ा बिहार को गिरफ्तार किया गया है।
सीओ अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि हरियाणा से अवैध शराब का ट्रक लोड होकर बिहार के लिए चला है। ट्रक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते गोरखपुर ले जाया जा रहा था। सेक्टर-39 थाने के कोतवाल उदय प्रताप ने महामाया फ्लाईओवर पर चेकिंग शुरू की। पुलिस ने सामान्य रूप से ट्रक को रोका तो देखा कि ट्रक खाली था। चालक-परिचालक ने खाली ट्रक को अलीगढ़ ले जाने की बात कही थी। मगर पुलिस ने ट्रक के अंदर देखा तो केबिन बना हुआ था जिसमें करीब 350 पेटी शराब थी। इनमें 175 पेटी रॉयल स्टैग और 175 पेटी इंपीरियल ब्लू ब्रांड की शराब थी। आरोपी चालक-परिचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और पूछताछ की।
जिसमें उन्होंने बताया कि शराब को हरियाणा से बिहार पहुंचाना है। इसके लिए तीन जगहों पर चालक-परिचालक बदले जाने हैं। किसी ने उनको यह ट्रक ओल्ड फरीदाबाद में खड़ा हुआ बताया था। वहां से ट्रक को लेकर उनको अलीगढ़ में छोड़ना था। इसके बाद अलीगढ़ से गोरखपुर तक उनको ले जाना था। गोरखपुर से एक चालक-परिचालक उसे बिहार तक पहुंचाते। उन्होंने बताया कि जब वे ट्रक चलाने के लिए बैठे तो उनको 20 हजार रुपये भी मिले थे। शराब किसकी है और कौन इसे ले जा रहा था इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।