करीब छह करोड़ के गहने बरामद
वारदात के बाद पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को करीब दो करोड़ के जेवरात लूटे जाने की जानकारी दी थी। लेकिन स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज संदीप गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बदमाशों को 24 घंटे के भीतर दबोच कर छह करोड़ रुपए के गहने बरामद कर लिए।
सात सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि जांच से जुड़ी टीम ने करीब सात सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। एक बदमाश के पेटीएम से कैब चालक के पैसे देने से पुलिस को बदमाशों के बारे में जानकारी मिली और पुलिस ने जयपुर राजस्थान जाकर आरोपी नागेश कुमार, शिवम और मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से 6,270 किलोग्राम सोना, 3 किलोग्राम चांदी, 500 ग्राम सोना आईआईएफएल में और 106 कच्चे हीरे और अन्य हीरे के गहने बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 5.50 से 6 करोड़ के बीच है। पुलिस ने बताया कि शिवम की नजफगढ़ में दूध की डेयरी है। मनीष ने फार्मेसी का कोर्स किया हुआ है। फिलहाल पुलिस इनके दो अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
क्या था मामला
पहाड़गंज में कूरियर कंपनी के दो कर्मचारी जगदीश और सोमवीर आभूषणों का पैकेट लेकर बुधवार तड़के चंडीगढ़ के लिए निकले थे। इसी दौरान चार-पांच बदमाशों ने तलाशी के बहाने उन्हें रोक लिया। बदमाशों में से एक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। इसी दौरान एक बदमाश ने कर्मचारियों की आंख में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया और वे गहने का बैग लूटकर फरार हो गए।