आम आदमी पार्टी के समर्थन में वॉयस मेसेज प्रसारित करने की शिकायत पर नोएडा पुलिस व फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने शनिवार शाम को सेक्टर-57 स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस जांच में पता चला कि कॉल सेंटर के साथ आम आदमी पार्टी का एमओयू है। इसके बाद पुलिस ने कॉल सेंटर को सील नहीं किया। एमओयू के बारे में पुलिस ने निर्वाचन आयोग को सूचना दी है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मीडिया सेल प्रभारी प्रभात दीक्षित ने बताया कि शनिवार को पीआरवी कंट्रोल रूम डायल 100 पर एक शख्स ने शिकायत की थी कि सेक्टर-57 के सी ब्लॉक के एक कॉल सेंटर से आम आदमी पार्टी के समर्थन में वॉयस मेसेज भेजे जा रहे हैं। इसकी सूचना के बाद तुरंत ही फ्लाइंग स्क्वायड व कोतवाली सेक्टर-58 की टीम कॉल सेंटर पहुंची और वहां जांच पड़ताल की।
मीडिया सेल प्रभारी ने बताया कि जब पूरे मामले की जांच की गई तो पता चला कि इस कॉल सेंटर का आम आदमी पार्टी के साथ एमओयू हस्ताक्षरित है। इसके बाद पुलिस ने कॉल सेंटर सील आदि की कार्रवाई नहीं की। कॉल सेंटर व आम आदमी पार्टी के बीच एमओयू की जानकारी निर्वाचन आयोग को दी गई है।