नोएडा पुलिस महिला सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का दावा लगातार करती रहती है। मगर जब नोएडा पुलिस का ही जवान शराब के नशे में धुत होकर युवती के साथ छेड़खानी करते पब्लिक के हाथों पकड़ा जाए तब फिर पुलिस की तत्परता उजागर हो जाती है। ऐसा ही मामला रविवार रात सेक्टर-71 चौराहे पर देखने को मिला।
रात करीब साढ़े 9 बजे सेक्टर-71 चौराहे पर वसुंधरा निवासी प्रदीप अपनी बेटी रीना के साथ (सभी नाम परिवर्तित हैं) घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे। तभी वहां बाइक से नशे में धुत नोएडा पुलिस का कांस्टेबल आ गया।
कांस्टेबल सेक्टर-49 थाने में तैनात है। उसने सोचा कि रीना अकेले सड़क पर खड़ी है, बस इतने में कांस्टेबल ने रीना के साथ छेड़खानी शुरू कर दी और फब्तियां कसने लगा। ऐसे में प्रदीप ने कांस्टेबल का विरोध किया और उसे ऐसा करने से मना किया।
मगर कांस्टेबल वर्दी के रौब व शराब के नशे में चूर था। इतना ही नहीं कांस्टेबल, युवती के पिता को गालियां देने लगा और हेल्मेट से उस पर वार करने का प्रयास किया। इतने में रीना ने शोर मचा दिया, जिससे मौके पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए।