-वजीराबाद के श्याम घाट पर 2.5 किलोमीटर क्षेत्र में चलाया सफाई अभियान, यूथ स्टैंड्स फॉर सोसायटी के स्वयंसेवकों ने भी लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने यमुना के श्याम घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। उत्तर जिला पुलिस और यूथ स्टैंड्स फॉर सोसायटी (वाईएसएस) ने मिलकर वजीराबाद स्थित श्याम घाट की सफाई की। करीब 2.5 किलोमीटर लंबे इस घाट पर छठ पूजा के दौरान लगभग एक लाख श्रद्धालु जुटे थे। पर्व संपन्न होने के बाद घाट और यमुना किनारे स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से यह पहल की गई। उत्तर जिला की डीसीपी निहारिका भट्ट ने कहा कि घाटों की स्वच्छता केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यमुना और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। दिल्ली पुलिस नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करती रहेगी।