अब क्वारंटीन का उल्लंघन करने वालों की खैर नहीं है। ऐसे लोगों के घर से निकलते ही पुलिस को गूगल लाइव लोकेशन के जरिए उनकी जानकारी मिल जा रही है। शाहदरा के फर्श बाजार में बृहस्पतिवार शाम क्वारंटीन युवक के घर से निकलते ही पुलिस को अलर्ट मेसेज मिल गया। पुलिस ने गूगल लाइव लोकेशन से उसकी जांच की तो वह घर से दूर मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ महामारी रोग अधिनियम और लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभिनव अग्रवाल फर्श बाजार के पूर्वी अर्जुन नगर स्थित अनुपम अपार्टमेंट में रहते हैं। अभिनव को घर में क्वारंटाइन किया गया है। इसके बावजूद वह बृहस्पतिवार शाम 6:50 बजे अपने घर से बाहर निकले थे। पुलिस को उनकी लोकेशन की जांच करने पर पता चला कि वह अपने घर से करीब 344 मीटर दूर हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले दिनों शाहदरा जिले में क्वारंटीन किए गए 10 से अधिक लोग घर पर नहीं मिले थे। कुछ लोग विदेश से आने के बाद लौट भी चुके थे। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अब क्वारंटीन किए गए लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस गूगल लाइव लोकेशन का इस्तेमाल कर रही है।