जेएनयू कैंपस में हॉस्टल फीस बढ़ोतरी का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैंपस में शुक्रवार को नाराज छात्रों ने सर्वर रूम बंद करके विंटर सेमेस्टर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रुकवा दी तो शनिवार को विरोध कर रहे छात्रों से दूसरे गुट ने मारपीट व धक्कामुक्की की।
छात्रसंघ समेत वामपंथी छात्र संगठनों ने मारपीट व धक्कामुक्की का आरोप एबीवीपी पर लगाया है। आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन के इशारे पर एबीवीपी मारपीट करके विरोध खत्म करवाना चाहता है। हालांकि एबीवीपी ने इन आरोपों का नकारा है।
जेएनयू कैंपस में शनिवार को हॉस्टल फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान छात्रों का एक अन्य ग्रुप आकर विरोध खत्म करने के साथ प्रदर्शनकारियों को धक्के मारने लगा। इसी बीच अन्य छात्रों ने आकर मारपीट व धक्कामुक्की करने वालों को हटाया।
जेएनयू छात्रसंघ के महासचिव सतीश कुमार का कहना है कि कुलपति के इशारे पर एबीवीपी इस प्रकार कैंपस में छात्रों से मारपीट कर रहा है। एबीवीपी के साथ-साथ सिक्योरिटी गार्ड भी छात्रों को डरा धमका रहे हैं। छात्रों का विरोध पिछले डेढ़ महीने से शांतिपूर्वक से चल रहा है।