दक्षिण-पश्चिम जिले के वसंत कुंज थाने में शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस का एक नया चेहरा देखने को मिला। दिल्ली पुलिस की ओर से वसंत कुंज साउथ थाने में जॉब फेयर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ट्रेनिंग पाए लोगों के लिए आयोजित जॉब फेयर में 205 युवक व युवतियों को नौकरी मिली।
सात नामी कंपनियों की ओर से आए प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के बाद इनका चयन किया। नौकरी पाने वाले सभी युवक व युवतियां बेहद खुश दिखाई दिए। नौकरी पाने वाले इन युवाओं को 12 से 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
दक्षिण-पश्चिम जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत जिले के पांच थानों वसंत कुंज साउथ, सागरपुर, ज्योति नगर, न्यू उस्मानपुर, साउथ रोहिणी थाने में नौजवान लड़के-लड़कियों को ट्रेनिंग दी जाती है। तीन माह का शार्ट टर्म कोर्स करने के बाद दिल्ली पुलिस की ओर से ही जॉब फेयर का आयोजन किया गया था।
सात कंपनी के प्रतिनिधियों ने इन युवाओं का साक्षात्कार लिया। करीब 252 लोगों ने साक्षात्कार दिया। इनमें से 205 लड़के-लड़कियों को नौकरी मिली। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनिंग आगे भी जारी रहेगी। इस तरह के जॉब फेयर का आयोजन आगे भी किया जाएगा।