कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस व साइबर क्राइम सेल ने सेक्टर-6 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। यहां बैंक और इंश्योरेंस कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही थी। कॉल सेंटर एसपी सिटी व साइबर सेल कार्यालय से महज कुछ दूरी पर चल रहा था। पुलिस ने मौके से 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि कॉल सेंटर संचालक समेत पांच आरोपी फरार हो गए।
एसपी क्राइम अशोक सिंह के अनुसार, फर्जी कॉल सेंटर के खिलाफ जनपद में अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली सेक्टर-20 के एसएचओ मनोज पंत और साइबर क्राइम सेल के इंस्पेक्टर मोहम्मद जहीर खान के नेतृत्व में मंगलवार शाम छापेमारी की गई। मौके से 18 कर्मचारी को पकड़ लिया गया। इनके पास से 30 मोबाइल, 5 कंप्यूटर, दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी पिंकू कुमार, शहजाद, धीरज, फंटूस, बिट्टू, रोशन कुमार व विकास कुमार, प्रयागराज निवासी मुकेश कुमार, कानपुर निवासी मनीष कुमार, ओडिशा निवासी निगम जैन, अशोक नगर दिल्ली निवासी विकास कुमार, गोंडा निवासी आकाश, सेक्टर-76 नोएडा निवासी मोनू सिंह, निठारी निवासी बिट्टू पांडेय, बलिया निवासी अभिषेक सिंह और कानपुर निवासी अभिषेक सिंह के रूप में हुई है।