पुलिस पर फायरिंग का आरोप, देसी कट्टा और कारतूस बरामद नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। पुलिस और कथित पशु तस्करों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए नूंह प्रभारी निरीक्षक विनोद के नेतृत्व में टीम को गौ तस्करी से जुड़े एक आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना सदर नूंह क्षेत्र के अंतर्गत सलंबा-पलवल रोड पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का आरोप है कि वाहन चालक ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान ढाणा मोड़, वार्ड नंबर-11, पिनगवां निवासी नगीन(उम्र 36 वर्ष) घायल हो गया। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने की सूचना है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज नलहड में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में आरोपी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने दावा किया है कि मौके से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खाली खोखा बरामद किया गया है। वहीं कैंटर गाड़ी से 4 ऊंट व एक ऊंटनी को भी कब्जे में लिया गया है। बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने कहा कि
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में उसके अन्य साथी कौन हैं और क्या वह किसी बड़े पशु तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।