- स्पेशल सेल ने दो अवैध हथियार तस्करों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर संभावित गैंगवार को टाल दिया है। स्पेशल सेल ने इस गिरोह के दो हथियार तस्करों मोहित व मंजय को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 4 अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, 4 अतिरिक्त मैगज़ीन, आपत्तिजनक सोशल मीडिया चैट वाले मोबाइल फ़ोन बरामद किए हैं। भटगांव मालियान, जिला सोनीपत हरियाणा निवासी मोहित (28) ने अपने सहयोगी सलीमसर माजरा, जिला- सोनीपत, हरियाणा निवासी मंजय (28) के साथ मिलकर अपने मामा और परिवार के दो अन्य सदस्यों की हत्या का बदला लेने के लिए इंदौर, मध्य प्रदेश से ये पिस्तौल खरीदी थीं।
स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त अमित कौशिक ने बताया कि 16 सितंबर को मोहित के बारे में सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों के साथ प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों को खत्म करने के लिए हथियार खरीदने मध्य प्रदेश पहुंचा है। पुलिस टीम ने आरोपी मोहित और उसके साथी मंजय को दिल्ली पहुंचने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
इसलिए हथियार खरीदकर लेकर आया था-
मोहित का जन्म और पालन-पोषण सोनीपत (हरियाणा) जिले के भटगांव गांव में हुआ। इसने वर्ष 2017 में अपने गांव के दीपक के ऊपर विवाद में गोलियां चला दीं। उसके बाद पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2020 में उसके मामा की स्थानीय बदमाशों ने हत्या कर दी। बाद में उसके दूसरे मामा और चचेरे भाई की भी अदालत में गवाही देने जाते समय हत्या कर दी गई। उनकी मृत्यु के बाद वह बदला लेने के इरादे से अपने मामा के परिवार के साथ रहने लगा। 2022 में उसे गुरुग्राम के बादशाहपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में गिरफ्तार किया गया और दो साल तक जेल में रहा। रिहाई के बाद, बदला लेने के लिए उसके चाचा ने उसे हथियारों का इंतज़ाम करने को कहा। चाचा की सलाह पर वह हथियार खरीदने मध्य प्रदेश गया।