पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पत्नी और उसका प्रेमी
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा की बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित वृंदावन गार्डन में 9 दिसंबर को बरामद हुए सिर कटे शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त मूलरूप से मध्यप्रदेश निवासी भूप सिंह के रूप में की। पुलिस ने इस मामले में पत्नी रजनी और उसके प्रेमी अनुरुद्ध को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि रजनी और अनुरुद्ध ने अवैध संबंध में बाधक बनने पर भूप सिंह की हत्या की थी। एसपी देहात विनीत जायसवाल ने बताया कि 9 दिसंबर को शाहबेरी के वृंदावन गार्डन स्थित झाड़ियों में एक अज्ञात शख्स का शव बरामद हुआ था। सिर धड़ से अलग था।
उसके पास ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई थी, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल शाही और राम संजीवन की टीम पड़ताल में जुटी थी।
अगले दिन छतरपुर, मध्यप्रदेश निवासी धनीराम ने पुलिस से शिकायत की कि उसका भाई लापता है। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम हाउस भेजा, जहां उसने शव की पहचान अपने भाई भूप सिंह के रूप में कर ली।
धनीराम ने भूप सिंह की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया। उसका कहना था कि 5-6 महीने पहले झांसी में मजदूरी के दौरान रजनी की मुलाकात गांव गोयडी (महोबा) निवासी अनुरुद्ध उर्फ लल्लू से हुई थी।
रजनी अपने बच्चों व पति को छोड़कर बिसरख कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहबेरी में अनुरुद्ध के साथ भाग आई। दोनों तीन महीने तक साथ रहे। जब भूप सिंह को पता चला, तो वह शाहबेरी में आ गया और फिर से पत्नी को साथ रखकर रहने लगा। इसके बाद अनुरुद्ध अपने गांव चला गया, लेकिन दिवाली के दो-तीन बाद फिर से शाहबेरी में आकर झुग्गी में रहने लगा।
आरोप है कि भूप सिंह के मजदूरी पर जाने के दौरान अनुरुद्ध और रजनी फिर से मिलने लगे थे। इसका भूप सिंह विरोध करने लगा था। इसके चलते रजनी और अनुरुद्ध ने भूप सिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची। भूप सिंह को काफी शराब पिलाने के बाद छुरी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई और शव झाड़ियों में फेंक दिया।