पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि अमित दसवीं पास करने के बाद गलत संगत में पड़ गया और नशे का सेवन करने लगा। पिछले साल पुलिस ने उसे हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया था। पिछले महीने वह जेल से जमानत पर निकला।
उसके बाद वह बामनोली स्थित एक ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी में गोदाम में काम करने लगा। वह एक अन्तरजातीय लड़की से प्यार करने लगा और परिवार के मर्जी के खिलाफ उससे शादी कर ली। शादी के बाद पिता ने उसे घर से निकाल दिया। वह बिजवासन गांव में पत्नी के साथ रहने लगा।
कंपनी ने मिलने वाले वेतन से उसका परिवार नहीं चल रहा था। उसके बाद उसने गोदाम में बतौर कम्प्यूटर ऑपरेटर शिव शंकर पांडे और शशि को जल्द पैसे कमाने के लिए चोरी करने के लिए तैयार कर लिया और वारदात को अंजाम दिया।
शिव शंकर मूलत: सुल्तानपुर, इलाहाबाद का रहने वाला है और इलाहाबाद यूर्निवसिटी से ओपन से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। साथ ही गोदाम में 11 हजार के वेतन पर कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी कर रहा था। पुलिस शशि की तलाश कर रही है।