उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में 12 साल की एक मासूम के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मासूम पड़ोस में एक दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार ने उसके साथ गंदी हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से पीड़िता ने परिवार को कुछ नहीं बताया। सोमवार को हिम्मत जुटाकर उसने मां को बताया। बाद में पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने पीड़िता की काउंसलिंग कराई। बाद में छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी इमामुद्दीन को दबोच लिया।
जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि आरोपी इमामुद्दीन नंद नगरी थाने का घोषित बदमाश है। इसके खिलाफ चोरी, लूटपाट, अवैध हथियार व अन्य अपराधों के करीब 18 मामले दर्ज हैं। स्पेशल सेल ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोचा था। कुछ दिनों पूर्व ही इमामुद्दीन जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक, मासूम परिवार के साथ नंद नगरी इलाके में रहती है। वह पास के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा है। शनिवार शाम के समय वह इमामुद्दीन की दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी।
आरोप है कि इमामुद्दीन ने उसके साथ गंदी हरकत की। इसके बाद आरोपी ने उसे बुरी तरह धमकाया। वह अपने घर आ गई। उसने किसी को कुछ नहीं बताया। सोमवार को उसने किसी तरह अपनी मां को सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया।