दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड में वांछित भगोड़े अपराधी मुजफ्फरनगर, यूपी निवासी सनी(26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी 4 साल से अधिक समय से गिरफ्तारी से बच रहा था और अदालत ने उसे घोषित अपराधीघोषित कर दिया था। उसके कब्जे से एक सिंगल शॉट पिस्तौल बरामद की गई है। सनी पहले से सात आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
स्पेशल सेल / एसडब्ल्यूआर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रणव तायल के अनुसार, एसडब्ल्यूआर रेंज की टीम को उन शातिर अपराधियों को पकडऩे का काम सौंपा गया था जो जघन्य अपराध करने के बाद अपनी गिरफ्तारी से बच रहे थे। अभियान के तहत अपराधी सनी के बारे में पता लगा। आरोपी सनी ने जून, 2020 में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नरेला इलाके में दो लोगों की हत्या कर दी थी। तभी से वह फरार था। पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी नजफगढ़ क्षेत्र में आने वाला है। पुलिस टीम ने 12 जनवरी को घेराबंदी कर गली नंबर 11, संडे बाजार रोड (हाई टेंशन रोड), न्यू रोशन पुरा, नजफगढ़ , दिल्ली के पास से मुजफ्फरनगर, यूपी निवासी सनी (26) पुत्र राजबल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पेट्रोल/डीजल चोरी करता था
12वीं तक पढ़ा सनी नरेला इलाके में एसी रिपेयरिंग के काम में लगा हुआ था। उसके साथियों ने चोरी/डकैती की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हुए 2020 में दिल्ली के नरेला में एक फैक्टरी के दो सुरक्षा गार्डों की हत्या कर दी थी। फरारी के दौरान उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उच्च दाब वाली भूमिगत पाइपलाइनों से पेट्रोल/डीजल चोरी करना शुरू कर दिया था।