पुलिस को गार्गी कॉलेज में फेस्ट के 9 दिन बाद भी न तो छात्राओं से छेड़छाड़ के सुबूत मिले हैं और न ही किसी छात्रा का बयान हो पाया है। छेड़छाड़ के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पीड़िता के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज होते हैं। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी छात्रा ने अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है और न ही उनके बयान हो पाए हैं।
दक्षिणी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से एक साधारण शिकायत दी गई है। इस शिकायत पर छेड़छाड़, अवैध रूप से कॉलेज में घुसने आदि धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। किसी छात्रा की ओर से शुक्रवार शाम तक शिकायत नहीं मिली थी। कॉलेज में कुल 33 कैमरे लगे हुए हैं। इनमें से तीन सीसीटीवी कैमरों में आरोपी ही कैद हो पाए हैं। इनमें आरोपी कॉलेज में आते व जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में प्रिंसिपल ने कॉलेज की छात्राओं व कर्मचारियों से अपील की है कि अगर किसी ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाई है तो वह पुलिस व कॉलेज प्रशासन को दे दें, ताकि जांच आगे बढ़ सके।
पांच और आरोपियों की पहचान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पांच और आरोपियों की पहचान हुई है। अब कुल पहचाने गए आरोपियों की संख्या 25 हो गई है। इन आरोपियों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और उनकी भूमिका की जांच की जाएगी। पुलिस के पास छेड़छाड़ के सुबूत नहीं हैं, ऐसे में वह बिना पास के कॉलेज में घुसने वाले युवकों को गिरफ्तार कर रही है। कोई युवक कहता है कि उसने फेस्ट के बाद ही पास फाड़कर फेंक दिया तो पुलिस उससे पूछ रही है कि उन्हें पास कॉलेज की किस छात्रा व कर्मचारी ने दिया था। छात्रा व कर्मचारी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस ने गार्गी कॉलेज में फेस्ट के दौरान छात्राओं के साथ हुई बदसलूृकी व छेड़छाड़ वाले मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपियों की उम्र 19 वर्ष है। इनको भी कॉलेज में अवैध रूप से प्रवेश करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 हो चुकी है। बुधवार को पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
डीयू में छात्रों ने निकाला मार्च
गार्गी कॉलेज में फेस्ट के दौरान छात्राओं से हुई छेड़छाड़ की घटना के विरोध में शुक्रवार को डीयू के कई कॉलेजों के छात्रों ने मार्च निकाला। नॉर्थ कैंपस में निकाले गए इस मार्च में छात्रों ने सीएए का भी विरोध किया। मार्च के दौरान छात्रों ने कविताएं पढ़ीं और आजादी, इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। वेलेंटाइन डे के अवसर पर निकाले गए मार्च के जरिये संदेश दिया गया कि कैसे एकता और प्रेम से नफरत का जवाब दिया जा सकता है।
गार्गी कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन जारी
गार्गी कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। छात्राओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मामले में कॉलेज की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट भी एक-दो दिन में आ सकती है। इस मामले पर डीयू भी अलर्ट हो गया है। डीयू के अधिकारी कॉलेज जाकर छात्राओं व प्रिंसिपल से बात कर रहे हैं। वहीं, छात्राओं ने कॉलेज की पूर्व छात्राओं से भी समर्थन मांगा है।