न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (एनएफसी) थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। सभी मथुरा के निवासी हैं। आरोपी पेटीएम के जरिये ठगी करते थे। आरोपियों सैकड़ों लोगों के साथ ठगी कर चुके हैं। इनके कब्जे से सात स्मार्ट फोन, आठ बैग व अन्य सामान बरामद किया है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि एनएफसी के भारत नगर में हार्डवेयर की दुकान चलाने वाले विशेष अग्रवाल ने 26 अक्तूबर को एनएफसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा को शिकायत दी थी कि किसी ने उसके पेटीएम से 12,999 और 1,799 रुपये निकाल लिए हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 22 अक्तूबर को उसके पास किसी का फोन आया और दुकान से कुछ सामान खरीदने की इच्छा जताई। फोन करने वाले ने पेटीएम से पेमेंट करने की बात कही। आरोपी ने पेमेंट तो नहीं की, मगर उसके एकाउंट से पैसे निकल गए।
पुलिस जांच में पता लगा कि आरोपियों ने एमआई कंपनी का सामान खरीदा है और पीड़ित के पेटीएम से पेमेंट की है। पुलिस को एमआई कंपनी से पता लगा कि आरोपियों ने तावडू़ (मेवात) में सामान मंगाया है। पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी की और सामान लेने आए इस्लामुद्दीन उर्फ मुस्तकीन को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ के बाद वसीम उर्फ अंसार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ के बाद एक नाबालिग को पकड़ा। गांव देवसेरस (मथुरा) निवासी इस्लामुद्दीन ने बताया कि वसीम नाबालिग के साथ ठगी करता था। वह तो सामान की डिलीवरी लेने आता था। ये दोनों भी देवसेरस के रहने वाले हैं।