राज पार्क इलाके में एक चाय दुकानदार पर चाकू और गोली चलाने के आरोप में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना चार सितंबर की आधी रात को हुई जब दुकानदार ने बीयर के पैसे मांगे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, चार कारतूस, दो चाकू, दो चोरी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल दो स्कूटी बरामद की हैं।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पवन नामक युवक अपनी चाय की दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान रवि उर्फ किट्टू अपने साथियों शिवम, अभिषेक और मोनू के साथ दो स्कूटी पर वहां पहुंचा। आरोपियों ने दुकान से बीयर की बोतल ली।
दुकानदार के पैसे मांगने पर रवि ने पवन पर गोली चला दी। पवन ने झुककर अपनी जान बचाई। अन्य आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार किए। उसकी पीठ और कमर के निचले हिस्से में चोटें आईं। पीड़ित के बयान पर हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की।
छह सितंबर को पुलिस को मंगोलपुरी में आरोपियों के होने की सूचना मिली। पुलिस ने दबिश देकर शिवम, अभिषेक और मोनू को गिरफ्तार किया। मोनू के पास से एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए, जबकि अभिषेक और शिवम के पास से एक-एक चाकू मिला। इनकी निशानदेही पर फरार रवि को बहादुरगढ़ के किसान चौक से गिरफ्तार किया गया। रवि के पास से एक पिस्टल, दो कारतूस और दो चोरी की बाइक भी बरामद हुई हैं।
अन्य मामलों में भी वांछित थे आरोपी
जांच में सामने आया कि मोनू और अभिषेक कालिंदी कुंज इलाके में भी वांछित थे। तीन सितंबर को वहां दर्ज हत्या के प्रयास और गोलीबारी के एक मामले में ये आरोपी थे। उस वारदात में शिकायतकर्ता को गोली लगी थी। पुलिस के अनुसार, मोनू का संबंध लेफ्टी गिरोह से है। वह नेब सराय थाने का घोषित बदमाश भी है।