पहासू में रात में घर के बाहर सो रही 12 साल की बच्ची से युवक ने छेड़छाड़ की और उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पहासू थाना क्षेत्र स्थित एक मोहल्ले में रविवार रात घर के बाहर परिजनों के साथ सो रही 12 साल की बच्ची से एक युवक ने छेड़छाड़ की। बच्ची का शोर सुनकर परिजनों की आंख खुल गई और उन्होंने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस को सूचना देकर आरोपी को सौंप दिया।
विज्ञापन
पीड़िता के पिता ने बताया कि रविवार रात वह अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। पास में उनकी 12 साल की बेटी, मां और परिवार के अन्य लोग भी सो रहे थे। रात करीब 12 बजे एक अज्ञात युवक वहां पर आया और उनकी बेटी को उठाकर ले जाने लगा। साथ ही आरोपी ने बच्ची के साथ अश्लील हरकत भी की।
बच्ची की नींद खुल गई तो उसने बचाव के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर अन्य परिजन भी सोकर उठ गए। परिजनों ने आरोपी युवक को वहीं पकड़ लिया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पीड़ित पिता ने मामले की तहरीर पहासू थाने में दी।
विज्ञापन
सीओ शिकारपुर मधूप सिंह का कहना है कि आरोपी की पहचान मोहम्मद कैफ निवासी छतारी रोड थाना पहासू के रूप में हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।