फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महंगे होटल में सस्ते हॉलिडे पैकेज: फाइव स्टार में बुकिंग का सपना दिखा लोगों को ठगा, कंपनी के 32 सदस्य गिरफ्तार

Sun, 01 Dec 2024 08:16 AM IST
श्याम जी. अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

सार

सात शिकायतें आने के बाद थाना पुलिस ने जांच कर छापा मारकर 32 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें कॉल सेंटर के संचालन का जिम्मा संभालने वाले कंपनी अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। वहीं, मास्टरमाइंड व अन्य संचालक फरार हैं। 
 
विज्ञापन
महंगे होटल में बुकिंग के नाम पर ठगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लुभावने ऑफर के साथ हॉलिडे पैकेज के नाम पर धोखा बेचा जा रहा था। सेक्टर-63 में एक कंपनी का दफ्तर खोलकर दो फर्जी कॉल सेंटर चलाए जा रहे थे। एक कॉल सेंटर से फोन कॉल कर पैकेज में होटल ग्रुप व कंपनी के साथ पर्यटक स्थलों वाले क्षेत्रों में करार का दावा किया जाता था। जब लोग पैकेज खरीदकर उस शहर में घूमने के लिए या छुट्टी मनाने के लिए नामी होटल में पहुंचते थे, तब उनको वहां पता चलता था कि ऐसी कोई बुकिंग नहीं है, न ही बताई गई कंपनी का होटल के साथ कोई करार है।

विज्ञापन


ठगी के यह कॉल सेंटर सेक्टर-63 के ए और एच ब्लॉक में वर्ष 2022 से चल रहे थे। सात शिकायतें आने के बाद थाना पुलिस ने जांच कर छापा मारकर 32 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें कॉल सेंटर के संचालन का जिम्मा संभालने वाले कंपनी अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। वहीं, मास्टरमाइंड व अन्य संचालक फरार हैं। पुलिस कार्रवाई की जानकारी डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी। डीसीपी ने बताया कि कंपनी कंट्री हॉलिडे ट्रेवल इंडिया के नाम से खोली गई थी। छापे में एजीएम व टीम लीडर समेत 32 आरोपी पकड़े गए। इनमें 17 युवतियां हैं। ठगे गए पांच लोगों ने थाने में शिकायत दी थी। 

दो शिकायतें पुलिस के पास ऑनलाइन आई थीं। लोगों से संपर्क करने के लिए डार्क वेब से डेटा निकाला जाता था। खासकर दक्षिण भारत के लोगों को निशाना बनाकर हॉलिडे पैकेज बेचा जाता था। इसके पीछे मकसद यह था कि दूर का निवासी होने से पीड़ित यहां तक पुलिस के पास शिकायत लेकर नहीं आएंगे। पैकेज में फाइव स्टार होटल में रूम बुकिंग की सुविधा का दावा किया जाता था। आरोपियों ने कंपनी को मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर में रजिस्टर्ड भी करवाया था। कंपनी की टेक टीम हॉलिडे पैकेज बुक कर जब अपनी लोकेशन पहुंचने के बाद शिकायत करती है तो उन्हें कंपनी की पॉलिसी बताने के साथ नंबर को ब्लॉक करने का काम करती है।

विज्ञापन

बुकिंग में गलती बताकर दूसरे होटल में ठहरने का देते थे सुझाव
डीसीपी ने बताया कि जब बतौर हेल्पलाइन दिए गए नंबर पर जाल में फंसा व्यक्ति संपर्क करता था, तब दूसरे कॉल सेंटर में कॉल आती थी। फिर बुकिंग में गलती, समस्या बताकर पास के दूसरे होटल में ठहरने का सुझाव दिया जाता था। घूमने पहुंच गए लोगों के पास दूसरा होटल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता था। फिर आगे सेटलमेंट के नाम पर करार के नियमों की पेचीदगी में फंसाकर पैकेज खरीदने वाले से दूरी बना ली जाती थी। हकीकत में कंपनी का किसी होटल ग्रुप से कोई करार नहीं था।

85 हजार से 2.5 लाख का देते थे पैकेज
पुलिस के मुताबिक, हॉलिडे पैकेज 85 हजार, 1 लाख 50  हजार, 2 लाख 50 हजार रुपये व इससे बड़े भी बेचे जाते थे। कंपनी की वेबसाइट भी बाकायदा बनी हुई थी। अब तक सैकड़ों लोगों से ठगी होने का अंदेशा है। पुलिस ने कॉल सेंटर से जुड़े दो बैंक खाते भी फ्रीज करवाए हैं। पुलिस को दो दिन पहले एक शिकायत मिली थी, जिसमें केरल का हॉलिडे पैकेज बेचने के नाम पर रुपये लिए गए थे, लेकिन जब परिवार होटल में ठहरने के लिए गया था, तब ऐसी कोई बुकिंग नहीं मिली थी। डीसीपी ने बताया कि आरोपी पैकेज का पैसा ऑनलाइन से ज्यादा ऑफलाइन यह कहकर लेते थे कि हमारा एजेंट आपके पैकेज के दस्तावेज जब घर पर देने आएगा तब पैसे ले जाएगा। फिर घर से पैसे विभिन्न एजेंट के जरिये उठवाते थे।
विज्ञापन

ये हैं आरोपी
आरोपियों की पहचान रवनीत सिंह निवासी ज्ञान पार्क कृष्णा नगर दिल्ली, प्रत्यूष निवासी भगवानपुर मुजफ्फरपुर बिहार, शुभांकर निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद, मनोज कुमार निवासी विजय नगर गाजियाबाद, दीपक निवासी सीमापुरी दिल्ली, योगेश कुमार बदरपुर दिल्ली, हर्षित निवासी बहलोलपुर, आदिल निवासी ओखला दिल्ली, कौशल निवासी राहुल विहार गाजियाबाद, पुष्पेन्द्र निवासी पंचवटी कॉलोनी गाजियाबाद, सिद्धार्थ निवासी कालकाजी दिल्ली, रंजीत निवासी बामपुर उपरहार प्रयागराज, मनोज निवासी लक्ष्मी नगर दिल्ली, अजय निवासी बिसरख, अभिषेक निवासी सिहानी गेट गाजियाबाद, अंकिता निवासी सेक्टर-75, निकिता निवासी विजयनगर गाजियाबाद, राधा निवासी खोड़ा, अंजलि निवासी मियावली दिल्ली।

निशा निवासी करोल बाग, साजिमा, गुंजन निवासी गाजियाबाद, श्वेता निवासी खोड़ा, भावना निवासी गाजियाबाद, नीलिका निवासी कुरुक्षेत्र, विनीता निवासी गाजियाबाद, प्राची निवासी बुलंदशहर, हिमांशी निवासी बरोला, नीलम निवासी खोड़ा, महक निवासी खोड़ा, आकांक्षा निवासी खोड़ा व कंचन निवासी लोदी रोड दिल्ली के रूप में हुई है। इनमें रवनीत एजीएम था। अंकिता टीम लीडर थी। डीसीपी ने बताया कि इस मामले में कंपनी के डायरेक्टर विशाल, सेल्स हेड आकाश, एडमिन दीपक, सेल्स टीम ज्योति और श्रेयस फरार हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें