जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने गुरुवार को छात्रों से कैंपस के बीच से गुजरते मौलाना मोहम्मद अली जौहर मार्ग खाली करने की अपील की है। दिल्ली में शनिवार को होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जामिया नगर एचएचओ ने विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर सड़क खाली करवाने की मांग की थी। हालांकि पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की मांग के बाद भी छात्रों ने सड़क खाली करने से इंकार कर दिया है।
जामिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एपी सिद्दीकी (आईपीएस) ने गुरुवार को छात्रों के नाम पत्र लिखा है। इसमें छात्रों से अपील की गई है कि 16 दिसंबर से कैंपस के बीच से गुजरते मौलाना मोहम्मद अली जौहर मार्ग पर नागरिकता संसोधित कानून (सीएए) पर आम लोगों व छात्रों का धरना जारी है।
विश्वविद्यालय के गेट नंबर सात के सामने प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा रहता है। जबकि इसी सड़क पर विश्वविद्यालय, आसपास की सोसायटी व होली फैमिली का रास्ता है। विरोध धरनों के बीच दो बार गोलीकांड भी हो चुका है। इसी कारण यह सड़क बेहद संवेदनशील हो गई है। इसलिए छात्रों से आग्रह किया जाता है कि वे इस सड़क को खाली करते हुए धरना को समाप्त कर दें।
रजिस्ट्रार ने अपनी अपील में लिखा है कि जामिया एचएचओ की ओर से विश्वविद्यालय को चार फरवरी को पत्र मिला है। इसमें पुलिस ने इस मार्ग को खाली करने की मांग रखी थी। पुलिस ने अपने पत्र में चुनाव का हवाला दिया था। क्योंकि चुनाव के दौरान यहां पर भीड़ के चलते परेशानी हो सकती है।