दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को चोरी या अन्य वारदातों की शिकायत के लिए पुलिस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि जल्द ही आठ मेट्रो स्टेशनों में पुलिस असिस्टेंट बूथ बनकर तैयार हो जाएंगे। खास बात यह है कि इन बूथों में महिलाओं को तैनात किया जाएगा, ताकि महिला यात्री बिना झिझक अपनी बात रख सकें।
राजीव चौक की तर्ज पर आठ मेट्रो स्टेशन में जल्द पुलिस असिस्टेंट बूथ नजर आएंगे। इनमें द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा सिटी सेंटर/वैशाली के बीच ब्लू लाइन पर द्वारका सेक्टर 10, राजौरी गार्डन, प्रगति मैदान व कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन वहीं, मंडी हाउस से बदरपुर वायलेट लाइन पर नेहरू प्लेस मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर धौलाकुआं व आईजीआई एयरपोर्ट व विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
डीएमआरसी ने चयनित स्टेशनों के नाम दिल्ली पुलिस को भेज दिए हैं और जल्द ही इनके निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। फरवरी 2014 में दिल्ली पुलिस ने डीएमआरसी के साथ मिलकर राजीव चौक में पहली पुलिस चौकी स्थापित की थी।
हालांकि दिल्ली मेट्रो के कुल 147 से अधिक स्टेशनों में फिलहाल राजीव चौक व चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर ही पुलिस चौकी पूरी तरह कार्यरत है। जबकि 12 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की शिकायतों को एरिया के आधार पर दूर किया जाता है।