जहां हर ओर सुनंदा पुष्कर के मौत की बात पोलोनियम जैसे दुर्लभ जहर से होने की बात हो रही है, वहीं एक नए खुलासे में इस बात से इंकार किया गया है। एम्स के फॉरेंसिक एंड टॉक्सिकोलॉजी विभाग से जुड़े एक डॉक्टर का कहना है कि सुनंदा की मौत की वजह एसीटामीनोफीन यानी पैरासीटामॉल के साथ शराब के सेवन से हुई है।
डॉक्टर ने दिल्ली पुलिस को 29 दिसंबर को भेजी गई रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस रिपोर्ट में डॉक्टरों के एक पैनल ने सुझाया है कि सुनंदा की मौत जहर से जरूर हुई थी। लेकिन किस तरह के जहर से हुई थी यह निश्चित नहीं हुआ है। पोलोनियम का प्रचार मात्र राजनीति से प्रेरित है।
एम्स के उक्त डॉक्टर के अनुसार सुनंदा के विसरा और टॉक्सीकोलॉजी के रिपोर्ट के अनुसार उसके शरीर से एसीटामीनोफेन, कैफीन, कोटीनाइन और इथाइल एल्कोहल पाया गया है। इस जहर की विषाक्तता शराब के साथ सेवन करने से बढ़ जाती है और इसका इस्तेमाल इंसान के लिए जानलेवा हो सकता है।