प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार नरेंद्र मोदी विस्तृत स्वास्थ्य जांच कराने के लिए रविवार की सुबह दिल्ली एम्स पहुंचे। अस्पताल में आम मरीजों और तीमारदारों को दिक्कत न हो इसके लिए मोदी ने छुट्टी का दिन चुना।
सुरक्षा की दृष्टि से सीएन सेंटर और राजेंद्र प्रसाद सेंटर के आसपास आम लोगों और अस्पतालकर्मियों के जाने पर रोक लगा दी गई थी। एम्स के सामने स्थित दवा दुकानों को भी सुरक्षा कारणों से बंद करा दिया गया था।
एम्स प्रवक्ता डॉ. अमित गुप्ता ने बताया कि मोदी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए आए थे। उन्होंने करीब सात घंटे एम्स में बिताए। इस दौरान सीएन सेंटर स्थित वीवीआईपी चिकित्सीय कक्ष में हृदय संबंधी जांच की गई।
चिकित्सकों की सलाह पर एमआरआई भी किया गया। इसके बाद उन्हें राजेंद्र प्रसाद सेंटर में ले जाया गया। यहां आंखों से संबंधित तमाम बीमारियों की इलाज की व्यवस्था है। वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में आंखों की जांच की गई।