केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर जितनी कानून-व्यवस्था है वह दिल्ली पुलिस की जांबाज सिपाहियों के चलते है। मुझे नहीं लगता कि शहीद सिपाही के परिजनों को एक करोड़ रुपये देने की योजना को हमें रोकना चाहिए। मैं जानता हूं कि इमरान हुसैन पर हमला हुआ। सब कुछ वीडियो में है, लेकिन एफआईआर नहीं हुई। इसके लिए दिल्ली पुलिस नहीं, भाजपा जिम्मेदार है। आप के कई विधायकों के ऊपर झूठे मामले दर्ज हैं, लेकिन इसके लिए दिल्ली पुलिस जिम्मेदार नहीं है।
दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि
विशेष सत्र की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना, दिल्ली के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मनजिंदर सिंह धीर, पूर्व विधायक साहब सिंह चौहान, जिले सिंह चौहान और नंद किशोर सेहरावत के निधन पर शोक प्रस्ताव के साथ हुई। दशहरे पर पंजाब के अमृतसर में हुए दर्दनाक हादसे पर भी शोक जताया गया और 26/11 हमले के शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
एक दिन के लिए बढ़ा विशेष सत्र
विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। मंगलवार को सदन में दिल्ली में मतदाता सूचियों से लाखों लोगों के नाम कथित रूप से हटाने के संबंध में चर्चा का होगी। इस मुद्दे पर भी सत्ता पक्ष व विपक्ष अपनी-अपनी बातें रखेंगे। इसके अलावा, सत्ता पक्ष ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएगा। इसमें राष्ट्रीय पेंशन योजना को समाप्त करके पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग रखी जाएगी।