प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अप्रैल को नोएडा में गरीब लोगों को 5100 ई-रिक्शा का वितरण करेंगे। प्रतिदिन के हिसाब से 243 रुपये देकर बैटरी चालित ई-रिक्शा लिया जा सकता है और दो साल में पूरे भुगतान के बाद ई-रिक्शा चालक का ही हो जाएगा।
सेक्टर-62 में होने वाले कार्यक्रम के कोआर्डिनेटर मनोज गुप्ता ने बताया कि मुद्रा योजना के तहत मोदी का पहला कार्यक्रम वाराणसी में 500 ई-रिक्शा वितरण करके हुआ था। दूसरे कार्यक्रम में लखनऊ में 1000 रिक्शे वितरित किए गए।
अब नोएडा में इनका वितरण होगा। गरीब व्यक्ति प्रतिदिन 243 रुपये देकर किराये पर इसे चला सकता है। दो साल तक भुगतान के बाद वह खुद रिक्शे का मालिक बन जाएगा।
इसके लिए नोएडा में युवा फाउंडेशन की तरफ से पांच स्थानों पर सेंटर बनाए गए हैं। मौजूदा समय में जो ई-रिक्शा के सेंटर हैं, उन्हीं को प्रशिक्षण देकर सर्विस सेंटर बनाया जाना है।
अगर बैटरी खत्म हो जाती है तो रिक्शा चालक किसी भी सेंटर पर जाकर चार्ज बैटरी ले सकेगा। फाइनेंस की भी व्यवस्था की गई है। इसका रजिस्ट्रेशन भी आसानी से हो सकेगा।
साथ ही, दो साल की गारंटी भी मिलेगी। रिक्शा के रजिस्ट्रेशन 21 मार्च से शुरू कर दिए जाएंगे। वहीं, मोदी के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शनिवार को सेक्टर-35 में बैठक भी हुई जिसमें महानगर अध्यक्ष राकेश शर्मा के अलावा अन्य संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
उधर, एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि शनिवार को एसपीजी की तरफ से नोएडा पुलिस को मोदी के आने की जानकारी दी गई है। रविवार को आयोजकों के साथ बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।