इंदिरापुरम स्थित सीआईएसएफ की पांचवीं बटालियन के गोल्डन जुबली स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के छह अधिकारी और एक जवान को सम्मानित करेंगे। पीएम के आगमन को लेकर एसपीजी, सीआईएसएफ और पुलिस ने शनिवार को सुरक्षा का जायजा लिया। 10 मार्च को सीआईएसएफ का गोल्डन जुबली स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारिंयां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में सुबह करीब 9.45बजे पीएम हैलीकॉप्टर से बटालियन पहुंचेंगे। अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम में पीएम के साथ कई मंत्री शामिल हो सकते हैं।
पीएम की फ्लीट निकालकर किया पूर्वाभ्यास
पीएम के कार्यक्रम को लेकर एसपीजी ने दो दिन से कार्यक्रम स्थल पर डेरा डाला हुआ है। शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। शनिवार को एसपीजी के अधिकारी, एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल, समेत सीआईएसएफ के अधिकारियों ने सुरक्षा का जायजा लिया। शाम को पीएम की फ्लीट निकालकर रिहर्सल की गई।
पुलिस, एसपीजी और सीआईएसएफ मुस्तैद
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि पीएम के कार्यक्रम में एसपीजी के साथ 1000 पुलिस कर्मियों और सीआईएसएफ के करीब 12 सौ जवानों को तैनात किया गया है। हाईराइज बिल्डिंगों पर भी स्नाइपर तैनात रहेंगे। बिना पास और आईडी के किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
संभलकर निकलें आज लगेगा जाम
सीआईएसएफ के कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई डायवर्जन नहीं किया गया है। इससे सीआईएसएफ रोड, एनएच नौ पर जाने वाले समय देखकर ही घर से निकलें। इससे सुबह करीब 7 बजे से ही दिल्ली व आसपास से कार्यक्रम स्थल पर वीवीआईपी और वीआईपी का मूवमेंट रहेगा। इससे कार्यक्रम शुरू होने और समाप्त होने के दौरान जाम की स्थिति रहेगी। एसपी सिटी का कहना है कि वीवीआईपी के निकलने के दौरान यातायात रोका जाएगा। कोई डायवर्जन प्लान नहीं किया गया है।