अभी तक एम्स-सफदरजंग में पर्याप्त बिस्तर न होने के चलते मरीजों को भर्ती करने में दिक्कतें होती थीं। लेकिन कुछ ही समय पहले शुरू हुए करीब 700 बिस्तर वाले इमरजेंसी के साथ अब सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक के 800 बिस्तर भी मरीजों के लिए उपलब्ध होंगे। इसी के साथ ही सफदरजंग अस्पताल में करीब 2600 से ज्यादा बिस्तरों की क्षमता होगी। अनुमान है कि प्रतिदिन करीब 500 मरीजों को भर्ती करने की क्षमता में बढ़ोतरी होगी।
रोबोट करेगा मरीजों की सर्जरी
सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में सरकार ने रोबोट तकनीक से मरीजों का ऑपरेशन करने की सुविधा दी है। इसके अलावा मोबाइल सीटी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी होंगी। जोकि अब तक निजी अस्पतालों में हैं। करीब 807 बिस्तरों वाले इस ब्लॉक में आईसीयू के 125, प्राइवेट वार्ड के 206 और प्राइवेट वार्ड में आईसीयू बिस्तरों की संख्या 22 रहेगी। इनके अलावा यहां छह प्राइवेट ओटी और 14 सामान्य ओटी होंगे।
सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक शुरू होने से हजारों मरीजों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मरीजों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक शुरू करने का फैसला लिया है। सोमवार से इसका ट्रायल होगा। जबकि 29 जून को पीएम मोदी इसका शुभारंभ करेंगे। -डॉ. राजेंद्र शर्मा, निदेशक, सफदरजंग अस्पताल