दमयंती बेन से झपटमारी के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भतीजी दमयंती बेन से हुई वारदात के मामले में आरोपी के नाबालिग होने की बात सामने आई है। एक आरोपी अपने आप को नाबालिग बता रहा है उसने कोर्ट में कुछ प्रमाण भी दिए हैं। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को फिलहाल नाबालिग मानकर बाल सुधार गृह भेज दिया है। हालांकि पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी बालिग है। इसलिए पुलिस ने उस आरोपी की उम्र संबंधी जांच कराने का निर्णय लिया है। वहीं मामले में एक अन्य आरोपी बादल तिहाड़ जेल में बंद है।
गौरतलब है कि दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में स्कूटी सवार दो युवकों ने पीएम नरेंद्र मोदी की भतीजी दमयंती बेन का पर्स झपट लिया था। वह घटना के समय गुजराती समाज भवन आई थी। ऑटो से उतरते हुए वह वह पर्स झपट ले गए। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में जब पुलिस को पता लगा कि पीड़ित पीएम की भतीजी है तो पुलिस के होश उड़ गए थे।
जिसके बाद दिल्ली पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था। रविवार को नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस थाना पुलिस की टीम मामले में तलाश करते हुए सोनीपत पहुंची थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी गौरव उर्फ नोनू को सोनीपत की ऋषिकुंज कॉलोनी से काबू किया गया। उसने अपने साथी आकाश उर्फ बादल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
मामला तूल पकड़ने के बाद वह दिल्ली से सोनीपत में अपनी पत्नी के एक रिश्तेदार के पास छिपने के लिए आया था। इसी दौरान उसके बारे में लीड मिलने पर उसे काबू कर लिया गया। वहीं थाना प्रभारी सदर सोनीपत महेंद्रपाल ने बताया कि दिल्ली के किसी झपटमार को सोनीपत से गिरफ्तार करने की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली पुलिस ने उनसे किसी आरोपी के बारे में संपर्क नहीं किया।