दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल
- फोटो : फाइल फोटो
महिला सुरक्षा और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार मामले के दोषियों को 3 से 11 दिनों में फांसी दे दिए जाने के प्रधानमंत्री के बयान पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने निशाना साधते हुए अफसोस जताया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने प्रधानमंत्री से महिला सुरक्षा के संवेदनशील मुद्दे पर देश को गुमराह न करने का अनुरोध किया है।
मालीवाल ने बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर ऐसे बयान देने के बजाए देश में पुलिस के संसाधनों और जवाबदेही बढ़ाने सहित फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाते हुए महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिहाज से कदम उठाए जाने को जरूरी बताया। मालीवाल ने कहा कि देश में हमें ऐसी व्यवस्था कायम करनी होगी ताकि हर हाल में दोषियों को जल्द सजा हो और समाज में ऐसे घिनौने अपराध के प्रति डर पैदा हो। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस बयान पर अफसोस जताते हुए इसे सच्चाई से बिलकुल अलग बताया।
उन्होंने कहा कि अभी भी देश में बलात्कारियों को जल्द सजा नहीं मिलती है और इसका उदाहरण निर्भया केस है। करीब छह साल पहले दिल्ली में निर्भया के साथ बलात्कार कर निर्दयता से उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन उसके हत्यारों को अभी भी फांसी नहीं मिली है। निर्भया के माता पिता अभी भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना देश की राजधानी में ही बलात्कार की छह से अधिक वारदात होती है।