7वें दिन भी डटे रहे सीजेपी के समर्थक, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन शुक्रवार को सातवें दिन भी जंतर-मंतर पर जारी रहा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन पर प्रदर्शनकारियों ने पहले उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और फिर उनके इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों के हित में सबसे बड़ा उपहार शिक्षा मंत्री का इस्तीफा होगा। उन्होंने कहा कि हम आपको इस्तीफे का पत्र भेजते हैं, आप बस उस पर हस्ताक्षर कर दीजिए।
शुक्रवार को हुई प्रेसवार्ता में अभिजीत दीपके ने बताया कि सीजेपी जल्द ही देशभर में प्रधान गो बैक अभियान शुरू करेगी। उन्होंने लोगों व संगठनों से अभियान में शामिल होकर जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगर जवाबदेही तय नहीं की तो सोनम वांगचुक रविवार से जंतर मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया कि वैष्णवी गौर, रत्ना सिंह, आफरीन नवाज और दीपक बालियान आधिकारिक रूप से पार्टी की प्रवक्ता टीम का हिस्सा होंगे।
वक्ताओं ने संवाद की अपील की
शुक्रवार को जंतर-मंतर पर किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी, शिक्षक रणजीत यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता कॉलिन गोंसाल्विस, शिक्षक काशिफ समेत कई लोग पहुंचे। गुरनाम सिंह ने कहा कि युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और सरकार को छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।