ग्रेटर नोएडा में पड़ोसी युवक के महिला संग फोटो खींचकर वायरल करने की धमकी देने पर रविवार को महागुन माईवुड्स सोसायटी में प्लंबर की हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का वह मोबाइल भी बरामद किया है, जिसमें हत्यारोपी और उसकी प्रेमिका का फोटो खींचा गया था।
demo pic
बिसरख कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मूलरूप से बिहार निवासी गुलजार खान (25) गाजियाबाद के विजय नगर में रहता था। वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन माईवुड्स सोसायटी में प्लंबर का काम कर रहा था। रविवार की रात उसका शव सोसायटी की 23 वीं मंजिल की छत पर पड़ा मिला था।
पुलिस ने वारदात की पड़ताल की और इस मामले में मूलरूप से बिहार और हाल में गांव हैबतपुर निवासी चितरंजन को गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक गंगा सहाय सत्संगी ने बताया कि चितरंजन ने पूछताछ मेें बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध हैं।
चितरंजन भी सोसायटी में ही सेटरिंग का काम करता है। चितरंजन और उसकी प्रेमिका की गुलजार से भी जान पहचान है और तीनों ही मूलरूप से बिहार निवासी हैं। गुलजार खान ने कुछ दिन पहले चितरंजन व उसके प्रेमिका को आपत्तिजनक हालत में देखकर फोटो खींच लिया था। इसके बाद गुलजार फोटो को महिला के परिजन को दिखाने व वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। गुलजार खान महिला व चितरंजन दोनों को धमकी दे रहा था।
demo pic
फोटो नष्ट करने को लेकर हुआ झगड़ा
पुलिस का कहना है कि रविवार को चितरंजन और गुलजार खान की फोन पर वार्ता हो रही थी। चितरंजन गुलजार से फोटो नष्ट के लिए कह रहा था, लेकिन गुलजार इंकार कर रहा था। इसके चलते दोनों में विवाद हो गया। गुलजार ने आवेश में आकर चितरंजन से कहा कि वह 23 वीं मंजिल पर है, हिम्मत है तो आकर फोटो खुद डिलीट कर दे।
चितरंजन भी वहां पहुंच गया और मोबाइल छीनने को लेकर दोनों भिड़ गए। इस दौरान गुलजार का सिर दीवार या जमीन से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण गुलजार जमीन पर गिरा और चितरंजन उसका मोबाइल लेकर भाग गया। पुलिस ने आरोपी से गुलजार का मोबाइल बरामद कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।