फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खिलाड़ियों को इस साल मिलेंगे कई तोहफे

Tue, 01 Mar 2016 05:02 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
खेल प्रतिभाओं के लिए अच्छी खबर है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस साल कई सुविधाएं खिलाड़ियों को मिलने जा रही हैं। सिंथैटिक ट्रैक से लेकर इंडोर स्टेडियम का तोहफा जिले के खिलाड़ियों को इस साल मिल जाएगा।
विज्ञापन


लॉन टेनिस, स्केटिंग और इंडोर गेम्स के प्रशिक्षण के लिए निजी एकेडमी या शहर से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी।

साल के अंत तक फरीदाबाद को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल जाएंगी। पेश है जिले में चल रही खेल से जुड़ी परियोजनाओं की अपडेट जानकारी देती पूजा शर्मा की रिपोर्ट :

अगस्त तक तैयार होगा इंडोर स्टेडियम
खेल से जुड़ी शहर की अब तक की सबसे बड़ी इंडोर स्टेडियम की योजना का काम इस साल अगस्त तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है।

इंडोर स्टेडियम बनने के बाद जिले में एक छत के नीचे कई खेलों का प्रशिक्षण कम खर्च में मिलेगा। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण इसका निर्माण कर रहा है।
विज्ञापन


दिल्ली के ताल कटोरा इंडोर स्टेडियम की तर्ज पर इसमें सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि, जिले में बनने वाला यह स्टेडियम ताल कटोरा से छोटा होगा, लेकिन इसमें अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिशें की गई हैं।

डिजाइन के मुताबिक बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, वॉलीबॉल, जिमनास्टिक, कुश्ती और एथलेटिक्स खेल इस स्टेडियम में कराए जा सकेंगे। इसके साथ ही प्रदर्शनी और कल्चरल इवेंट के लिए भी इसका प्रयोग किया जा सकेगा।

दिसंबर तक सिंथैटिक लॉनटेनिस कोर्ट
सेक्टर-12 खेल परिसर और एनआईटी स्थित राजा नाहर सिंह फुटबॉल स्टेडियम में चार-चार लॉन टेनिस कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं।

खेल परिसर में एक करोड़ रुपये की लागत खर्च से दो सिंथैटिक व दो क्ले ट्रैक बनाए जाएंगे। सब कुछ ठीक रहा तो दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा।

इसके बनने से यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट हो सकेंगे। इसके अलावा राजा नाहर सिंह में प्रशासन की ओर से 30 लाख रुपये की लागत से चार कोर्ट बनाए जाएंगे। इससे न केवल फरीदाबाद बल्कि आसपास के शहरों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।

मई से जॉगिंग ट्रैक पर प्रैक्टिस
फिलहाल, एथलीट को प्रैक्टिस के लिए सड़क और मैदान का ही सहारा है लेकिन बहुत जल्द यह समस्या खत्म होने जा रही है। सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में जॉगिंग ट्रैक बनाया जा रहा है, जहां एथलीट अभ्यास कर सकेंगे।

यह ट्रैक 600 मीटर लंबा और तीन मीटर चौड़ा है। 15 लाख रुपये की लागत से हुडा प्रशासन तैयार कर रहा है। एसडीओ एसआर गुप्ता ने बताया कि यह एस्ट्रो जॉगिंग ट्रैक होगा। ट्रैक पर हरी घास बिछाई जाएगी। इस साल मई तक इसका काम पूरा हो जाएगा।

सितंबर से नवादा स्टेडियम की सुविधा
नवादा गांव के खस्ताहाल स्टेडियम के भी दिन सुधारने की कवायद शुरू हो गई है। स्टेडियम की बेहाली के चलते आसपास की खेल प्रतिभाओं को लाभ नहीं मिल पा रहा है।

अभ्यास के लिए 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, लेकिन गांव की पंचायत की मदद से अब स्टेडियम की मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है।

गांव के सरपंच वेदराज ने बताया कि इसके लिए प्रशासन व खेल विभाग से मंजूरी मिल गई है। इस साल सितंबर तक खिलाड़ियों को स्टेडियम की सुविधा मिलने लगेगी। यहां कोच भी तैनात होंगे।

नवंबर तक सिंथैटिक स्केटिंग रिंक
खेल परिसर में 24 लाख रुपये की लागत से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व खेल विभाग के सहयोग से सिंथैटिक स्केटिंग रिंक तैयार की जा रही। यह रिंक 200 मीटर लंबी होगी।

बता दें कि 10 वर्ष पहले खेल परिसर में बनी रिंक खस्ता हालत में थी, जिस कारण खिलाड़ियों ने इस पर अभ्यास करना बंद कर दिया।

अब इस रिंक को दोबारा से तैयार किया जा रहा है। उम्मीद है कि नवंबर तक खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकेंगे।

फिलहाल क्या है स्थिति
कुल खेल=============08
कोच की संख्या==========16
प्रशिक्षकों की संख्या=======3 से अधिक
निजी एकेडमी में प्रशिक्षक====3 हजार से अधिक

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर सुविधाएं देने के लिहाज से यह वर्ष काफी महत्वपूर्ण है। परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने की कोशिश की जा रही है। - सुनील भारद्वाज, जिला खेल अधिकारी
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें