- 1003 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक शहर, पहले चरण का 65 प्रतिशत काम पूरा
- 940 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा बुनियादी ढांचा, जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे के किनारे 1003 एकड़ में ग्लोबल सिटी विकसित की जा रही है। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक शहर के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना में देश की सबसे ऊंची इमारत बनाने की योजना है।
प्रस्तावित टावर की ऊंचाई 620 से 700 मीटर तक हो सकती है। परियोजना के पहले चरण को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। करीब 940 करोड़ रुपये की लागत वाले इस चरण का 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) बुनियादी सुविधाएं विकसित कर रहा है। उपमहाप्रबंधक अरुण गर्ग ने बताया कि आधारभूत ढांचा समय पर तैयार होगा। इससे व्यावसायिक और आवासीय परियोजनाओं के विकास का मार्ग खुलेगा। ग्लोबल सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-36, 36बी, 37, 37ए और 37बी में बन रही है।
आइकॉनिक टावर प्रमुख आकर्षण होगा
ग्लोबल सिटी में प्रस्तावित आइकॉनिक टावर प्रमुख आकर्षण होगा। इसके लिए द्वारका एक्सप्रेसवे के पास छह से सात एकड़ जमीन चिह्नित है। टावर में कार्यालय, होटल, खुदरा बाजार और अवलोकन डेक की संभावना है। बुनियादी ढांचे के बाद भूखंड निजी विकासकर्ताओं को ई-नीलामी से मिलेंगे। ग्लोबल सिटी को गुरुग्राम के प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे करीब 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश और लगभग पांच लाख रोजगार के अवसर मिलने का अनुमान है।