terror attack planning in delhi
- फोटो : ANI
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ संयुक्त ऑपरेशन में आईएसआईएस के आतंकियों को गिरफ्तार कर दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम कर दी। इन आतंकियों के निशाने पर दिल्ली में बैठे भाजपा के बड़े नेता, आरएसएस के बड़े नेता भाजपा और आरएसएस के दफ्तर व दिल्ली पुलिस मुख्यालय थे। इसके लिए यह तैयारी कर रहे थे।
अफगानिस्तान में बैठे आका के इशारे पर इन्हें 26 जनवरी से पहले हमले को अंजाम देना था। भाजपा व आरएसएस के जो नेता इनके निशाने पर थे, उनकी जानकारी एमआईए और दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को दे दी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आतंकी आईएसआईएस के हैं।
इसका दिल्ली में नया मॉड्यूल खड़ा हुआ है। दिल्ली के जाफराबाद से मोहम्मद आजम, अनस, जुबैर उर्फ जफर, जैद और जुबैर मलिक को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से सात पिस्टल, ग्रेनेड लांचर और जिहादी साहित्य बरामद किया गया। अधिकारी ने यह भी बताया कि इनके निशाने पर दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके भी थे।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, सुहैल इस मॉड्यूल का सरगना है। इसे बुधवार को अमरोहा से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक पिस्टल बरामद की गई है। सुहैल जाफराबाद, दिल्ली का रहने वाला है। वह एक मदरसे में बच्चों को पढ़ाता था।
बताया जा रहा है कि आतंकी इन दिनों हमलों की अंतिम तैयारी कर रहे थे। आरोपियों ने खुलासा किया है कि वह दिल्ली में कई स्थानों की रेकी भी कर चुके थे। वे आत्मघाती और रिमोट कंट्रोल बम बनाकर हमला करने वाले थे। गिरफ्तार सभी आतंकी अच्छे पढ़े-लिखे हैं। इनमें एक युवक सिविल इंजीनियर है, जबकि एक अन्य वेल्डिंग वर्कशॉप में काम करता है।