मोदीनगर के उपजिलाधिकारी न्यायालय से वादी जगेंद्र पाल और उसके दो साथियों ने एक वाद की पत्रावली चोरी कर ली, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई। पेशकार संदीप कुमार की शिकायत पर तीनों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
तहसील मुख्यालय स्थित उपजिलाधिकारी न्यायालय से वादी अपने साथियों के साथ मिलकर पत्रावली चुरा ले गया। सीसीटीवी फुटेज से घटना की पुष्टि हो गई। उपजिलाधिकारी न्यायालय के पेशकार ने तीन आरोपियों के खिलाफ घटना की रिपेार्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
पेशकार संदीप कुमार की ओर से मोदीनगर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उपजिलाधिकारी के न्यायालय में ओमकारी बनाम ग्राम सभा ग्राम सरना मुरादनगर परगना जलालाबाद का वाद चल रहा है। उक्त वाद में वादी संख्या-दो जगेंद्र पाल उर्फ योगेंद्र निवासी ग्राम जलालपुर ढिंढार मुरादनगर पैरवी कर रहे हैं। बीते एक अप्रैल को पेशकार संदीप कुमार फाइलों में तारीख लगा रहे थे, तभी जगेंद्र पाल उर्फ योगेंद्र अपने दो साथियों के साथ न्यायालय में आया और तारीख देखने के लिए पत्रावली मांगी।
संदीप अन्य वादों में तारीख लगाने में व्यस्त हो गए। आरोप है तभी मौका देखकर आरोपियों ने पत्रावली चोरी कर बैग में रख ली। संदीप ने शाम को मिलान किया उक्त वाद से संबंधित पत्रावली गायब मिली। उन्होने सारा रिकॉर्ड खंगाला मगर पत्रावली का पता नहीं लगा। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पत्रावली चोरी की पुष्टि हो गई। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जगेन्द्र पाल उर्फ योगेन्द्र निवासी जलालपुर ढिंढार थाना मुरादनगर व सरदार निवासी अज्ञात और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।