-स्नातक पास विद्यार्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) का ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल 25 नवंबर को प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करेगा। इसमें बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र की कंपनी सेल्स ऑफिसर पद के लिए भर्ती करेगी। इच्छुक स्नातक पास छात्र इसमें हिस्सा ले सकते हैं। प्लेसमेंट ड्राइव एसओएल के नॉर्थ कैंपस स्थित सेमिनार रूम में सुबह 10 बजे से शुरू होगी। चयनित उम्मीदवारों को सालाना 2.5 लाख रुपये का वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदर्शन के आधार पर हर महीने 60 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि पाने का भी मौका होगा। यह फुलटाइम नौकरी होगी। एसओएल ने इच्छुक छात्रों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण करने की सलाह दी है। छात्रों को अपने साथ रिज्यूम और स्नातक की मार्कशीट लानी होगी।