सांसद मनोज तिवारी ने विकास कार्यों का दिया ब्योरा
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठन के पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली जिला भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई।
राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र के सानिध्य और डॉ. यूके चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद किया। नागेंद्र ने पार्टी को मजबूत बनाने में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। मनोज तिवारी ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सुझावों पर हरसंभव कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रकोष्ठ के संयोजक महेंद्र नागपाल, सहसंयोजक रोशन कंसल, मीरा अग्रवाल और कैलाश सांकला तथा जिला प्रभारी नरेश वशिष्ठ मौजूद रहे। जिला महामंत्री सचिन मावी, रेखा सिन्हा और सत्यदेव चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल हुए।