मॉब लिंचिंग के शिकार पहलू खान और अकबर खान
- फोटो : अमर उजाला
देश की संसद में शुक्रवार को विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मॉब लिंचिंग पर चिंता जाहिर की थी। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने राज्यों से इस दिशा में कठोर कदम उठाने को कहा था।
लेकिन हमेशा की तरह इस बार भी सरकार की बात का गोरक्षकों पर कोई असर नहीं हुआ। इस भाषण के कुछ घंटे बाद ही अलवर में एक बार फिर एक मॉब लिंचिंग की घटना हुई।
राजस्थान के अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र में अकबर खान नाम के एक शख्स को गोतस्करी के शक में पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह घटना शुक्रवार रात की है।
अलवर जिले का यह वही इलाका है जहां एक साल पहले अप्रैल 2017 में पहलू खान नाम के बुजुर्ग शख्स को गोतस्करी के ही शक में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। 55 साल का पहलू भी मेवात जिले का रहने वाला था और वह रमजान में दूध के लिए गाय खरीदकर घर जा रहा था।