हाइकोर्ट ने फरिश्ता पुस्तक के अंश चुराकर फिल्म बनाने के आरोप में ‘पीके’ के अभिनेता आमिर खान व निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा और राजकुमार हिरानी से जवाब मांगा है।
न्यायमूर्ति नजमी वजीरी ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामले की सुनवाई एक सितंबर को तय की है। 2013 में प्रकाशित पुस्तक के उपन्यासकार कपिल ईसापुरी ने यह याचिका दायर की है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि फिल्म के निर्देशकों, निर्माण कंपनियों और पटकथा लेखक ने उपन्यास से किरदार, विचारों की अभिव्यक्ति और दृश्य चुराए हैं। उन्होंने निर्माताओं से एक करोड़ रुपये मुआवजे के साथ अपने काम के लिए श्रेय की भी मांग की है।
उन्होंने दावा किया कि फिल्म के जरिए उठाए गए विभिन्न मुद्दे उनकी किताब से नकल किए गए हैं। यह भी दावा किया गया कि उपन्यास में कई और भी ऐसी स्थितियां हैं, जिनमें छिटपुट बदलाव और गैरजरूरी रूपांतरण किया गया।