चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ के जवानों ने एक यात्री के बैग से पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। सीआईएसएफ अधिकारियों ने यात्री बिहार के समस्तीपुर निवासी गिलामन अहमद (58) को मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सीआईएसएफ के असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल (ऑपरेशन) अखिलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को सिपाही जितेंद्र कुमार चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन में एक्सरे मशीन पर तैनात था। उसने एक यात्री के बैग में पिस्टल जैसी चीज देखी तो बैग कब्जे में कर अधिकारियों को सूचना दी। तलाशी में बैग से एक पिस्टल और तीन कारतूस मिले। पूछताछ में यात्री बैग में पिस्टल होने की जानकारी से इंकार करता रहा।