दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर ट्रेन की धीमी गति के कारण शुक्रवार को यात्रियों की फजीहत हुई। गंतव्य तक पहुंचने के लिए 10 मिनट की यात्रा भी उन्हें 50 मिनट में पूरी करनी पड़ी। इस बीच, मेट्रो का अगला दरवाजा न खुलने से भी यात्री परेशान रहे।
मेट्रो यात्री वरुण शर्मा ने बताया कि वह शकूरपुर से मजलिस पार्क के लिए ट्रेन में चढ़े, लेकिन मजलिस पार्क तक पहुंचाने में ही 50 मिनट लग गए। इतनी दूरी तय करने में महज 10 मिनट लगते हैं। इस बीच मेट्रो में घोषणा भी हुई कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन में विलंब है। मनीष शर्मा ने बताया कि उन्हें मजलिस पार्क की ओर जाना था, लेकिन मेट्रो मोती बाग में ही काफी देर तक अटक गई। इस बीच मेट्रो का अगला गेट भी पूरी तरह नहीं खुल रहा था।
उन्होंने कहा कि आज मेट्रो में सफर करने का अनुभव बेहद खराब रहा। एक अन्य यात्री अजीत कुमार ने ट्वीट करके इसकी शिकायत मेट्रो से की। वह आजादपुर से लाजपत नगर जाने के लिए मेट्रो में सवार हुए थे। ट्रेन स्टेशनों पर करीब 20 मिनट तक रुक-रुक कर चल रही थी। इस वजह से वह गंतव्य तक काफी देर से पहुंचे। उन्होंने कहा पिंक लाईन अभी पूरी शुरू भी नहीं हुई है और अभी से यहां सेवा बेहद खराब है।
इस बारे में डीएमआरसी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1:20 बजे से 1:50 बजे तक मोती बाग से लाजपत नगर के बीच नेटवर्क संबंधी तकनीकी खराबी आई थी। इस कारण मेट्रो सेवा प्रभावित रही। इसे बाद में ठीक कर दिया गया।