दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में रविवार आधी रात को एक धमाके के साथ चार मंजिला इमारत का पिलर गिर गया। बिल्डिंग के बाकी पिलर्स में भी दरारें आना लगीं। पड़ोसियों को पता चला तो फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फौरन पूरी इमारत को खाली करवा लिया गया।
आसपास के कुछ मकानों को भी एहतियात के तौर पर खाली करवा लिया गया। रात को ही जिला प्रशासन के अलावा नगर निगम के अधिकारियों को खबर दी गई। सोमवार को इमारत पर सपोर्ट लगाकर उसे गिरने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इमारत का गिरना तय है, लेकिन फिलहाल उसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है।